रक्सौल में नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, नेपाल भेजे जा रहे 12 हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त

Large Consignment of Narcotics Seized in Raxaul; 12,000 Banned Injections Bound for Nepal Confiscated

रक्सौल: बिहार के सीमावर्ती इलाके रक्सौल में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। नेपाल भेजी जा रही इस खेप को कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया था, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया।

पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में पुलिस ने महदेवा गांव के सैनिक रोड से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस अधीक्षक सह प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि महदेवा बॉर्डर के रास्ते नेपाल में नशीली दवाओं की बड़ी खेप भेजी जाने वाली है।

सूचना के आधार पर बुधवार रात इलाके में नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बॉर्डर की ओर जा रही आंध्र प्रदेश नंबर (एपी-28डीडी-9386) की एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से काले प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए 12 हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें नरफीन, डाइजेपाम और फेनआरगन जैसी दवाएं शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है।

कार में सवार नेपाल के बारा जिला के कलैया निवासी वकील महतो और पर्सा जिला के श्रीपुर निवासी पुरण ठाकुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

दंडाधिकारी सह राजस्व अधिकारी अरविंद कुमार की मौजूदगी में घटनास्थल पर ही जब्ती सूची तैयार की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ रक्सौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment