दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। घटना मंगलवार सुबह पतौर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच हुए पारिवारिक विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पूरा परिवार खत्म हो गया। आरोपी पति की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी संदीप दास उर्फ बिल्टू दास के रूप में हुई है। वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी दास और तीन बच्चों- सात वर्षीय हृदय दास, छह वर्षीय संध्या दास और पांच वर्षीय सोन दास के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में रहकर मजदूरी करता था।
मृत बच्चों के मामा मंगू दास के अनुसार मंगलवार तड़के किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में संदीप दास ने डंडे और लोहे की रॉड से पत्नी और तीनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद का सिर फोड़कर खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। फिलहाल उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के समय मुर्गी फार्म में काम करने वाले अन्य मजदूर मुर्गियों को चारा-पानी दे रहे थे। फार्म में काम करने वाली सुनीता दास ने बताया कि सुबह संदीप के कमरे से चीख-पुकार और मारपीट की आवाजें आ रही थीं। जब मजदूर वहां पहुंचे तो कमरे में खून से लथपथ चारों शव पड़े थे और आरोपी भी घायल अवस्था में मिला।
सूचना मिलते ही पतौर और एपीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी और सदर एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है, जो मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।