महाभारत के ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

Mahabharata's 'Karn' Pankaj Dheer passes away, entertainment world mourns

मुंबई: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बीआर चोपड़ा की ऐतिहासिक टेलीविजन श्रृंखला ‘महाभारत’ में ‘दानवीर कर्ण’ की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। उनके करीबी मित्र और अभिनेता अमित बहल ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, पंकज धीर कैंसर से पीड़ित थे। पहले उन्होंने इस जानलेवा बीमारी को मात दी थी, लेकिन हाल के महीनों में कैंसर फिर से लौट आया। उनकी तबीयत काफी बिगड़ चुकी थी और हाल ही में उनकी एक बड़ी सर्जरी भी हुई थी, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।

सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने भी पंकज धीर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संगठन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पंकज धीर ने 15 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर किया जाएगा। बता दें कि वे CINTAA के पूर्व महासचिव भी रह चुके थे।

अपने लंबे करियर में पंकज धीर ने कई फिल्मों और टीवी शोज में अभिनय किया, लेकिन उन्हें असली पहचान मिली 1988 में प्रसारित बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ से, जिसमें उन्होंने कर्ण का किरदार निभाया था। इस भूमिका को उन्होंने इतनी गंभीरता और दमदारी से निभाया कि आज भी दर्शक उन्हें उसी रूप में याद करते हैं।

एक पुराने इंटरव्यू में पंकज धीर ने बताया था कि पहले उन्होंने अर्जुन के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन मूंछें न हटाने की जिद पर बीआर चोपड़ा ने उन्हें शो से बाहर कर दिया था। छह महीने बाद चोपड़ा जी ने खुद उन्हें कर्ण के किरदार के लिए बुलाया – और यही किरदार उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बना।

‘महाभारत’ के अलावा उन्होंने ‘चंद्रकांता’, ‘द ग्रेट मराठा’, जैसे ऐतिहासिक और पौराणिक धारावाहिकों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने ‘सोल्जर’, ‘बादशाह’, और ‘सड़क’ जैसी हिट फिल्मों में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया।

पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। निकितिन भी एक मशहूर अभिनेता हैं, जिन्हें ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में थंगाबली के किरदार के लिए जाना जाता है। हाल ही में उन्होंने ‘श्रीमद रामायण’ में रावण की भूमिका निभाकर खूब प्रशंसा बटोरी थी। उनकी पत्नी कृतिका सेंगर भी टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हैं।

पंकज धीर के निधन से भारतीय मनोरंजन जगत ने एक बेहद प्रतिभाशाली और सम्मानित कलाकार को खो दिया है। फैंस, सहकर्मी और सेलेब्रिटीज उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment