वैशाली पुलिस ने विशेष अभियान के तहत सराय टोल प्लाजा के पास एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक हुंडई वेन्यू कार से 1 किलो 4 ग्राम अफीम और 158 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में झारखंड के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक, वैशाली के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 फरवरी 2026 को जिला आसूचना इकाई (DIU) वैशाली को सूचना मिली कि नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र से मुजफ्फरपुर-सराय होते हुए झारखंड जाने वाली एक सफेद हुंडई वेन्यू कार में मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई वैशाली और सराय थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने 3 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे सराय टोल टैक्स के पास संदिग्ध हुंडई वेन्यू कार को रोककर तलाशी ली। कार में चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे।
पूछताछ के दौरान चालक की पहचान चतरा निवासी ललन कुमार के रूप में हुई, जबकि पिछली सीट पर बैठे दो अन्य व्यक्तियों की पहचान पलामू निवासी श्रवण कुमार और चतरा निवासी अनिल कुमार के तौर पर की गई। तीनों अभियुक्त झारखंड राज्य के निवासी हैं। एक दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ कार और अभियुक्तों की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के गियर बॉक्स के बाईं ओर यात्री सीट के पास रखी काले रंग की पॉलिथीन से अफीम बरामद हुई। वहीं, गियर के पीछे बने बॉक्स से एक सफेद प्लास्टिक के डिब्बे में ब्राउन रंग का पाउडर (हेरोइन) मिला। मौके पर ही दोनों मादक पदार्थों का वजन किया गया, जिसमें अफीम 1 किलो 4 ग्राम और हेरोइन 158 ग्राम पाई गई।
इस संबंध में सराय थाना कांड संख्या 29/26 दर्ज करते हुए तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों और कार मालिक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।