मोतिहारी: बिहार में पिछले 10 वर्षों से शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर चोरी-छिपे शराब की बिक्री कर रहे हैं और लोग भी गुप्त रूप से इसका सेवन कर रहे हैं। पुलिस लगातार ऐसे धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मोतिहारी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है।
हाल ही में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मेहसी थाना क्षेत्र में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 200 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया, जिसे 10 बाल्टियों में भरकर ले जाया जा रहा था। आशंका है कि इस स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाना था।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और उसमें सवार संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला एक संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जो जिले में अवैध शराब के निर्माण और सप्लाई में सक्रिय है।
इस कार्रवाई के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि शराबबंदी कानून के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच, छापेमारी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया गया है।
जिले में हालिया जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।