सिवान में ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ का बड़ा खुलासा: आर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहा था शोषण, 21 नाबालिग लड़कियां मुक्त

Major Revelation in Siwan Under ‘Operation Naya Savera’: Exploitation Rife Under the Guise of Orchestras; 21 Minor Girls Rescued

सिवान: बिहार के सिवान जिले में आर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे एक बड़े अवैध नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में 21 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिन्हें जबरन नाचने और शोषण के लिए मजबूर किया जा रहा था। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने पचरुखी थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। यहां से 21 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जिन्हें प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था। इन लड़कियों में पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के अलावा नेपाल की एक लड़की भी शामिल है। सभी की पहचान, उम्र और पते का सत्यापन कराया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से एक महिला सहित दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मधुबनी निवासी अनिल कुमार और विशेष पांडेय के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो विभिन्न राज्यों से लड़कियों को लाकर इस अवैध धंधे में धकेलता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

इस कार्रवाई में महिला थाना, पचरुखी थाना, एएचटीयू टीम और दिल्ली की एक रेस्क्यू संस्था की टीम भी शामिल रही। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment