राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुरानी यानी ‘एंड-ऑफ-लाइफ’ (EOL) गाड़ियों पर लगे प्रतिबंध को फिलहाल हटा लिया गया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को पत्र लिखकर 1 जुलाई से लागू हुए नियमों की कमियां गिनाईं और पुरानी गाड़ियों को ईंधन न देने के आदेश पर रोक लगाने की मांग की।
मंत्री सिरसा ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली सरकार पुरानी गाड़ियों को केवल उम्र के आधार पर नहीं, बल्कि प्रदूषण स्तर के आधार पर हटाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने CAQM से डायरेक्शन नंबर 89 के अमल पर रोक लगाने की अपील की, जिसमें दिल्ली में EOL गाड़ियों को फ्यूल देने से मना किया गया है।
पत्र में मंत्री ने लिखा कि जब तक एनसीआर क्षेत्र में ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) प्रणाली पूरी तरह से लागू और एकीकृत नहीं हो जाती, तब तक इस आदेश पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ANPR कैमरों में तकनीकी कमियां हैं — जैसे कि सेंसर और स्पीकर का ठीक से काम न करना। ये सिस्टम हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) की सही पहचान करने में भी सक्षम नहीं हैं।
सिरसा ने यह भी बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद सहित अन्य एनसीआर क्षेत्रों में अभी तक यह कानून लागू नहीं किया गया है, इसलिए केवल दिल्ली में इसे लागू करना न्यायसंगत नहीं है।
मंत्री ने भरोसा जताया कि दिल्ली सरकार के मौजूदा बहुआयामी प्रयासों से वायु गुणवत्ता में सुधार अवश्य होगा।