प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

Massive fire in Prayagraj Maha Kumbh Mela area, no casualties

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लगने से कई पंडाल जलकर खाक हो गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और मात्र 22 मिनट में आग पर काबू पा लिया। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि सिलेंडर फटने की सूचना मिलने के बाद तुरंत घटनास्थल से लोगों को बाहर निकाला गया और आग बुझाई गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दो सिलेंडर फटने की बात सामने आई है, लेकिन मामले की जांच जारी है। आग की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी जानकारी दी।

कोई जनहानि नहीं, स्थिति नियंत्रण में प्रयागराज के महाकुंभ क्षेत्र में आग लगने के बाद प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का तुरंत जायजा लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और आग पर काबू पा लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। घटना दोपहर करीब 4:30 बजे हुई, जब कुंभ क्षेत्र के सेक्टर 19 स्थित गीता प्रेस में आग लग गई। आग की लपटें फैलने के कारण आसपास के 10 टेंट भी प्रभावित हो गए। आग लगने के बाद तुरंत अग्निशमन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।

सुरक्षा और राहत कार्य जारी प्रयागराज के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर ने बताया कि गीता प्रेस और आसपास के टेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई। अग्निशमन और पुलिस की टीम ने तत्परता से आग पर काबू पा लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। राहत कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी जुटी हुई हैं। मेला अधिकारी विजय किरन और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि राहत कार्य पूरी तत्परता से किए जाएं।

अफवाहों से बचने की अपील डीआईजी वैभव कृष्ण ने इस घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है, और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और मेला क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की।

स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पहुंची इस घटना पर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और वहां आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों की हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी घटना पर नजर बनाए हुए है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment