मुम्बई: सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले शरीफुल इस्लाम शहजाद को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस ने शहजाद की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था, और अंततः उसे ट्रैक करने में सफलता मिली। आइए जानते हैं कि शहजाद को पुलिस ने कैसे पकड़ा।
Google Pay ट्रांजेक्शन से मिली जानकारी पुलिस को शहजाद की लोकेशन का पता तब चला जब उसने अपने मोबाइल से Google Pay के माध्यम से परांठा और पानी की बोतल का बिल पे किया। इस ट्रांजेक्शन के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल नंबर ट्रेस किया और उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने ठाणे में शहजाद के ठिकाने का पता लगाया और फिर एक मजदूर कैंप के पास स्थित घने मैंग्रोव जंगल में उसकी खोज शुरू की। इससे पहले वह बांद्रा, दादर, वर्ली और अंधेरी में इधर-उधर घूमते हुए पुलिस से बचने में कामयाब हो गया था।
कैसे पकड़ा गया शहजाद? शहजाद गुरुवार सुबह मुंबई के बांद्रा पश्चिम इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के बाद फरार था। पुलिस का मानना है कि वह एक इमारत की दीवार फांदकर और हाई-प्रोफाइल सुरक्षा को चकमा देकर पीछे की सीढ़ी से अंदर घुसा। उसने पुलिस को बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए उसने एयर कंडीशनिंग डक्ट का इस्तेमाल किया।
कैसे घुसा था अभिनेता के घर में? पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहजाद सीढ़ियों से 7वीं या 8वीं मंजिल तक गया और फिर एयर कंडीशनिंग डक्ट में घुसा। इसके बाद वह 12वीं मंजिल पर चढ़ा और बाथरूम की खिड़की से सैफ अली खान के फ्लैट में घुस गया। इस दौरान वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। शहजाद की स्पष्ट तस्वीर ने पुलिस की जांच में मदद की। तलाशी अभियान में 30 पुलिस टीमें गठित की गईं और हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
क्या हुआ उस रात? गुरुवार सुबह 2 बजे के बाद शहजाद को सैफ अली खान के छोटे बेटे जहांगीर के बेडरूम में देखा गया। शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसे यह नहीं पता था कि वह बॉलीवुड स्टार के घर में है। इस दौरान हुई हाथापाई में सैफ अली खान को छह बार चाकू मारा गया, जिनमें से एक जानलेवा घाव उनकी रीढ़ की हड्डी के पास था। चाकू मारने के बाद शहजाद वहां से फरार हो गया और रास्ते में उसने खून से सने अपने कपड़े बदल लिए।