पटना: पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोला रोड स्थित विष्णु विहार कॉलोनी में रहने वाले बबलू कुमार शर्मा का 16 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार 26 अप्रैल को दोपहर 12 बजे घर से अपने दोस्त से मिलने के लिए निकला, लेकिन वह अब तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों ने उसे काफी तलाशा, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। थक-हार कर परिजन दानापुर थाना पहुंचे और बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों ने पुलिस से आकाश की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है कि यदि किसी को आकाश के बारे में कोई जानकारी मिले तो कृपया मोबाइल नंबर 7667031398 पर संपर्क करें।
बबलू कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा 16 वर्ष का है, कद 6 फीट, रंग सावंला है। वह सफेद-पीले रंग की शर्ट, काले रंग की जींस और सफेद जूते पहनकर घर से निकला था। मूल रूप से वे सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के ग्राम बिक्रम कैतुका, पोस्ट नंदनपैतुका के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में गोला रोड, विष्णु विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, आकाश हाल के दिनों में पढ़ाई के दबाव में काफी परेशान रहने लगा था। 26 अप्रैल को वह यह कहकर निकला कि वह दोस्त से मिलने जा रहा है। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन वह मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था।
बाद में जब परिजनों ने उसका मोबाइल चेक किया, तो उसमें एक ऑटोसेट मैसेज मिला, जिसमें लिखा था:
“मैं पढ़ाई-लिखाई और रोज़-रोज़ के कामों से थक गया हूं और मैं जा रहा हूं। मेरा पीछा करने की कोशिश न करें।”
आकाश के इस मैसेज ने उसके पिता को गहरे सदमे में डाल दिया। अगले ही दिन वे दानापुर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आकाश का भावुक मैसेज:
आकाश ने अपने मोबाइल में जो मैसेज छोड़ा, उसमें लिखा था:
“यह मैसेज ऑटो सेट पर है। 6:00 बजे देखो हम घर छोड़ चुके हैं। हम नहीं आएंगे। हम फोन छोड़ कर जा रहे हैं। फोन मेरे बैग में है जो लास्ट में फाइल के पास है। मेरा यह प्लान दसवीं कक्षा से ही था। 12वीं के बाद ही फिक्स था। हमने कभी पढ़ाई नहीं की। मेरा मन पढ़ाई में नहीं लगता था। 12वीं का एग्जाम भी बिना पढ़े दिया। तुम लोग चाहते थे कि हम पढ़े…तो हम बस एक्टिंग करते थे।”
“हम घर छोड़कर जा रहे हैं। रोने-धोने से कोई फायदा नहीं है, यह फिक्स था। मैंने तुम लोगों को वही दिखाया जो तुम लोग देखना चाहते थे। फोन से सिम निकाल दी है। यह मैसेज सिर्फ इसलिए छोड़ा ताकि मुझे ढूंढने की कोशिश न की जाए।”
“हमें जीने की अब कोई इच्छा नहीं है।”
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। परिजन और पुलिस दोनों ही आकाश की सलामती की दुआ कर रहे हैं।