पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र में हुए पिकअप लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में बीएसएफ के पूर्व जवान और जनसुराज से जुड़े नेता हरेराम कुमार को लूट का मास्टरमाइंड बताया गया है। आरोपी हरेराम कुमार पर पहले से ही रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
यह घटना लखीसराय जिले के खूँटहा गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। पीड़ित अपनी पिकअप गाड़ी से जा रहा था, तभी मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनार के पास तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल फोन छीना और फिर पिकअप वाहन लूटकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही मोकामा थाना की गश्ती टीम, हाईवे पेट्रोलिंग और 112 की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ घंटों के भीतर लूटी गई पिकअप गाड़ी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बताया कि बरामद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 53G 3492 है, जो घटना के समय खाली लदी हुई थी।
इस मामले में मोकामा थाना में कांड संख्या 55/26 दर्ज किया गया है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने जानकारी दी कि लूट कांड में शामिल तीनों आरोपियों—हरेराम कुमार (पिता शिवजी सिंह, मोलदियार टोला, मोकामा), सचिन कुमार (पंचायन टोला, मोकामा) और मोहित राम (मराची)—को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पिकअप गाड़ी, खाली सामान, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एसपीआईओ वाहन भी बरामद किया है। ग्रामीण एसपी के अनुसार, हरेराम कुमार इस पूरे कांड का मुख्य साजिशकर्ता है। पुलिस ने यह भी बताया कि हरेराम कुमार ने हाल के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान खुद को मोकामा सीट से जनसुराज पार्टी का विधायक उम्मीदवार बताया था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।