मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आज दूसरा दिन रहा। इस दौरान वे मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। जीविका दीदियों के स्टॉल देखकर मुख्यमंत्री खासे प्रसन्न नजर आए। समृद्धि यात्रा के तहत सीएम नीतीश ने मोतिहारी को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में रोजगार सृजन के लिए उद्योग कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया गया है और अब सरकार का लक्ष्य एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का है। इसके लिए बिहार में उद्योगों का व्यापक विस्तार किया जा रहा है और देश की सबसे बेहतर उद्योग नीति लागू की गई है।
बदले हुए बिहार की तस्वीर
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2005 के बाद बिहार की तस्वीर बदल दी है। पहले सड़कों, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब थी। पटना से मोतिहारी की यात्रा में जहां पहले सात से आठ घंटे लगते थे, वहीं अब यह दूरी चार घंटे में पूरी हो रही है। राज्य में अब एक्सप्रेस-वे का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है और रक्सौल में एयरपोर्ट का निर्माण भी कराया जा रहा है।
24 घंटे बिजली और मुफ्त यूनिट
मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 से पहले शहरों में केवल चार से पांच घंटे ही बिजली मिलती थी, लेकिन आज बिहार के हर गांव और शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 1 करोड़ 90 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है, जो बदले हुए बिहार का प्रमाण है।
विकास के साथ धार्मिक विरासत का संरक्षण
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में विराट रामायण मंदिर परिसर में दुनिया का सबसे बड़ा सहस्र लिंगम स्थापित किया गया है। सरकार इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए चहारदीवारी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण कराएगी। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर जो जनादेश दिया है, उसके लिए सरकार आभारी है। मोतिहारी की जनता ने 11 में से 10 सीटों पर एनडीए को समर्थन दिया है।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि कभी बिहार का बजट महज 6 हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, जो आज बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और मोतिहारी में विराट रामायण मंदिर के बाद अब सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता जानकी की जन्मस्थली पर भव्य जानकी मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है।