मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व सेक्रेटरी वेदिका शेट्टी को मुंबई पुलिस ने 76 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वेदिका पर आरोप है कि उन्होंने आलिया भट्ट के पर्सनल अकाउंट और प्रोडक्शन हाउस के फंड्स में हेरफेर कर बड़ी रकम का गबन किया।
जानकारी के अनुसार, मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच वेदिका ने फर्जी बिल बनाकर आलिया के सिग्नेचर हासिल किए और वह रकम अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर कर दी। इस तरह करीब दो वर्षों में उन्होंने 76 लाख रुपये का गबन किया।
इस धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद जनवरी 2025 में जुहू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। तब से ही वेदिका फरार चल रही थीं। पिछले पांच महीनों की तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने उन्हें बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद वेदिका को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।