बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर लंबे समय से फरार हार्डकोर महिला नक्सली रूबी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। रूबी देवी के खिलाफ नक्सली वारदात, हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र के गोबरदाहा कोड़ासी गांव में की गई, जहां से रूबी देवी को गिरफ्तार किया गया। वह विलक्षण कोड़ा उर्फ विलोचन कोड़ा की पत्नी है।
मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना और लखीसराय के चानन थाना में उसके खिलाफ नक्सली गतिविधियों और हत्या के मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि रूबी देवी लंबे समय से फरार थी और पुलिस को उसकी तलाश थी। आखिरकार, एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया और उसे जेल भेज दिया गया है।
इस गिरफ्तारी को नक्सल रोधी अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।