भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों 5 देशों की विदेश यात्रा पर हैं और गुरुवार को उन्होंने घाना की संसद को संबोधित किया। इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी ने जब भारत में मौजूद 2,500 राजनीतिक दलों का ज़िक्र किया, तो वहां मौजूद सांसद हैरान रह गए।
पीएम मोदी ने कहा, “भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कार है। भारत में 2,500 से ज़्यादा राजनीतिक दल हैं, 20 अलग-अलग पार्टियां विभिन्न राज्यों में शासन कर रही हैं, 22 आधिकारिक भाषाएं हैं और हजारों बोलियाँ बोली जाती हैं।” यह सुनकर सदन में हंसी और आश्चर्य दोनों की आवाजें गूंज उठीं और प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “मैं घाना गणराज्य की संसद को संबोधित कर खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। घाना एक ऐसी भूमि है जो लोकतंत्र की भावना को आगे बढ़ाती है।”
पीएम मोदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि, “कल शाम का अनुभव बहुत ही भावुक कर देने वाला था, जब मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति जॉन महामा से राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। यह मेरे लिए नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों के लिए सम्मान है। इसके लिए मैं घाना की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।”
इस संबोधन में पीएम मोदी ने भारत की संस्कृतिक विविधता, लोकतांत्रिक मजबूती और वैश्विक मित्रता की झलक पेश की, जिससे घाना की संसद में एक विशेष माहौल बन गया।