नई दिल्ली/अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरते ही बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान एक मेडिकल कॉलेज परिसर पर गिर गया। इस विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया कि हादसे में अब तक 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
ब्लैक बॉक्स और डीवीआर बरामद, हादसे के कारणों की जांच शुरू
दुर्घटना के तुरंत बाद संबंधित जांच एजेंसियां हरकत में आ गईं। विमान का ब्लैक बॉक्स और डिजिटल वॉयस रिकॉर्डर (DVR) बरामद कर लिया गया है, जिससे हादसे के कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
DGCA ने बोइंग विमानों की गहन जांच के दिए निर्देश
इस गंभीर हादसे को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया के बोइंग 787-8 और 787-9 विमानों के पूरे बेड़े की गहन सुरक्षा जांच के आदेश दे दिए हैं। DGCA का यह निर्णय भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
AAIB को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
दुर्घटना की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को सौंपी गई है, जो नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है। शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया, लेकिन जांच की प्रगति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
पूरा देश इस हादसे से स्तब्ध है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की जा रही है। जांच एजेंसियों से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा होगा।