नई दिल्ली: डीएआरपीजी और भाषिणी का सहयोग, सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर बहुभाषी समाधान से नागरिकों को मिलेगा अधिक सुलभ और संवेदनशील सेवा

New Delhi: DARPG and Bhashini collaborate to provide more accessible and responsive service to citizens through multilingual solution on CPGRAMS portal

नई दिल्ली: प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) ने केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) के लिए एक मल्टीमॉडल और बहुभाषी ई-गवर्नेंस समाधान लागू करने के लिए डिजिटल इंडिया ‘भाषिणी’ के साथ सहयोग की घोषणा की है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य शिकायत निवारण प्रणालियों में गुणात्मक सुधार लाना और नागरिकों के लिए इसे अधिक संवेदनशील, सुलभ और सार्थक बनाना है।

मल्टीमॉडल समाधान से नागरिकों को होगा फायदा
इस मल्टीमॉडल, बहुभाषी समाधान के तहत, नागरिक सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर 22 क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही, नागरिक अपनी क्षेत्रीय भाषा में बोलकर आवाज के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह समाधान पोर्टल पर पहुंच और नेविगेशन को भी और आसान बनाएगा। सरकार ने कहा कि डीएआरपीजी-भाषिणी के इस सहयोग से नागरिकों के लिए एक कुशल, सुलभ और उत्तरदायी शासन प्रणाली का भविष्य तैयार होगा।

भाषिणी का एआई-पावर्ड इंटीग्रेशन
भाषिणी का सीपीजीआरएएमएस के साथ इंटीग्रेशन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो यह सुनिश्चित करता है कि भाषा संबंधी बाधाएं अब शिकायत निवारण और सार्वजनिक सेवा पहुंच में रुकावट नहीं डालेंगी। यह एआई-पावर्ड, बहुभाषी नागरिक जुड़ाव नागरिकों को और भी अधिक सुविधा और सुलभता प्रदान करेगा। यह समाधान जुलाई 2025 तक लागू होने की उम्मीद है।

सीपीजीआरएएमएस द्वारा 56 लाख से अधिक शिकायतों का निवारण
इस बीच, संसद में पेश की गई जानकारी के अनुसार, नवंबर 2022 और फरवरी 2025 के बीच सीपीजीआरएएमएस के तहत 56 लाख से अधिक शिकायतों का निवारण किया गया। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, “1 नवंबर 2022 से 28 फरवरी 2025 तक सीपीजीआरएएमएस पर कुल 52,36,844 शिकायतें प्राप्त हुईं और इस प्रणाली के माध्यम से 56,63,849 शिकायतों का निपटारा किया गया।”

उन्होंने बताया कि 28 फरवरी तक भारत सरकार के मंत्रालयों/विभागों में 59,946 जन शिकायत मामले पेंडिंग हैं और नागरिक 5.1 लाख कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों का योगदान
डीएआरपीजी द्वारा जारी मासिक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल फरवरी में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा कुल 50,088 जन शिकायतों का निवारण किया गया, जबकि सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर पेंडिंग मामलों की संख्या 1,90,994 थी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment