नई दिल्ली : आज के डिजिटल युग में पैन कार्ड (PAN Card) केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आपकी वित्तीय पहचान का आधार बन चुका है। नौकरी ज्वॉइन करने से लेकर शेयर बाजार में निवेश और इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने तक, हर अहम काम में पैन कार्ड अनिवार्य है। ऐसे में अगर पैन कार्ड में नाम की स्पेलिंग, पता या जन्मतिथि जैसी कोई भी गलती हो जाए, तो परेशानी बढ़ जाती है।
अक्सर लोग इस तरह की छोटी गलतियों को ठीक कराने के लिए सरकारी दफ्तरों या एजेंटों के चक्कर लगाते रहते हैं। हालांकि, अब इसकी जरूरत नहीं है। आप आसानी से ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए घर बैठे पैन कार्ड में सुधार कर सकते हैं।
इन दो वेबसाइट्स से होगा काम आसान
आयकर विभाग ने पैन कार्ड धारकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन करेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई है। यदि आपके पैन कार्ड में कोई भी त्रुटि है, तो आप NSDL या UTIITSL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है, जिससे समय के साथ-साथ अतिरिक्त खर्च भी बचता है।
स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे करें पैन कार्ड में सुधार
पैन कार्ड में नाम, पता या जन्मतिथि बदलने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें—
-आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: NSDL या UTIITSL की वेबसाइट खोलें और ‘Changes/Correction in PAN’ विकल्प पर क्लिक करें।
-फॉर्म भरें: अपना पैन नंबर, नाम, जन्मतिथि और ईमेल आईडी जैसी जरूरी जानकारी दर्ज करें।
-टोकन नंबर सुरक्षित रखें: फॉर्म सबमिट करने के बाद 15 अंकों का यूनिक टोकन नंबर मिलेगा, जिसे भविष्य के लिए संभालकर रखें।
-सुधार का विकल्प चुनें: जिस जानकारी में बदलाव करना है, जैसे नाम या पता, उस बॉक्स पर टिक करें और सही विवरण भरें।
-दस्तावेज अपलोड करें: पहचान और पते के प्रमाण, जन्मतिथि का सर्टिफिकेट, फोटो और हस्ताक्षर स्कैन कर अपलोड करें।
-फीस का भुगतान करें: निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें और ‘Acknowledgement Slip’ डाउनलोड कर लें।
-सावधानी जरूरी: फर्जी दस्तावेज पड़ सकते हैं भारी
पैन कार्ड में सुधार या नया पैन बनवाते समय हमेशा सही और वैध जानकारी ही दें। फर्जी दस्तावेज लगाने या गलत जानकारी देने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फर्जी पैन कार्ड बनवाने पर 6 महीने तक की जेल और 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, UIDAI के नियमों के अनुसार फर्जी आधार कार्ड के मामले में 3 साल तक की जेल और जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
इसलिए किसी भी तरह के शॉर्टकट से बचें और तय प्रक्रिया के तहत ही पैन कार्ड में सुधार कराएं।