नई दिल्ली : कुछ दिन पहले वेनेजुएला पर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी की गिरफ्तारी की खबरों से पूरी दुनिया चौंक गई थी। अब इस घटनाक्रम पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
लक्जमबर्ग के दौरे पर पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वेनेजुएला की स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई। यह वेनेजुएला पर हमले के बाद उनका पहला अहम बयान है। उन्होंने कहा, “हां, वेनेजुएला की मौजूदा स्थिति को लेकर हम चिंतित हैं। हम सभी पक्षों से आग्रह करते हैं कि आपसी बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालें। यह वेनेजुएला के लोगों के हित में बेहद जरूरी है। वेनेजुएला के साथ भारत के वर्षों से अच्छे संबंध रहे हैं और हम चाहते हैं कि वहां के लोग सुरक्षित रहें।”
एस. जयशंकर ने यह बयान लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद दिया। इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी रविवार को वेनेजुएला के हालात पर चिंता जाहिर करते हुए सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा था कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास वेनेजुएला में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के संपर्क में है। साथ ही, हालात को देखते हुए भारतीयों से फिलहाल वेनेजुएला की यात्रा न करने की सलाह दी गई थी। मंत्रालय ने आपात स्थिति के लिए भारतीय नागरिकों हेतु हेल्पलाइन नंबर +58-412-9584288 भी जारी किया है।