नई दिल्ली: नासा-इसरो का ‘निसार’ सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च

New Delhi: NASA-ISRO's 'NISAR' satellite launched successfully

नई दिल्ली: नासा और इसरो के सहयोग से तैयार किया गया उन्नत रडार सैटेलाइट निसार (NISAR) आज सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया। इसे जीएसएलवी-एफ16 रॉकेट के जरिए आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से अंतरिक्ष में भेजा गया।

निसार (NASA-ISRO Synthetic Aperture Radar) मिशन नासा और इसरो का एक संयुक्त उपग्रह अभियान है, जिसे पूरी पृथ्वी की निगरानी के लिए तैयार किया गया है। इससे पहले इसरो ने रिसोर्ससैट और रीसेट जैसे सैटेलाइट्स लॉन्च किए हैं, लेकिन उनकी निगरानी केवल भारतीय क्षेत्र तक सीमित थी। निसार दुनिया का पहला ऐसा सैटेलाइट है जो दोहरे रडार बैंड – एल-बैंड और एस-बैंड – का उपयोग करता है। इसकी मदद से यह पर्यावरणीय बदलावों, भूवैज्ञानिक हलचलों और प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूस्खलन, भूकंप और ग्लेशियरों के पिघलने जैसी घटनाओं पर पैनी नजर रख सकेगा।

यह उपग्रह अंतरिक्ष में जाकर निम्न पृथ्वी कक्षा (Low Earth Orbit) में परिक्रमा करेगा और अगले तीन वर्षों तक धरती की निगरानी करेगा। इस हाई-टेक मिशन पर लगभग 1.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 12,500 करोड़ रुपये की लागत आई है।

निसार का लक्ष्य वैश्विक स्तर पर सतत विकास और आपदा प्रबंधन में मदद करना है, जिससे पृथ्वी पर जीवन को और बेहतर और सुरक्षित बनाया जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment