नई दिल्ली: बिहार में विशेष मतदाता पुनरीक्षण मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने इस मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर उठाए गए सवालों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
शाहनवाज हुसैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “विपक्षी दल खासकर राजद नेता मनोज झा सुप्रीम कोर्ट गए थे और विशेष मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने कोई स्टे नहीं दिया। सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ कुछ सुझाव दिए हैं, जिन पर अंतिम सुनवाई में फैसला आएगा। विपक्ष को सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा करना चाहिए, लेकिन वे उस पर भी बयानबाजी करने से नहीं चूकते।”
भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा, “जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो चुनाव आयोग अच्छा हो जाता है, लेकिन जब हार जाता है तो आयोग पर सवाल उठाता है। यह दोहरी मानसिकता है।”
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए हुसैन ने कहा, “जब कांग्रेस ने रायबरेली, वायनाड, कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल और तमिलनाडु में जीत दर्ज की, तब उन्हें चुनाव आयोग से कोई शिकायत नहीं थी। लेकिन जैसे ही वे महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में हारे, चुनाव आयोग पर आरोप लगाने लगे। अब जब उन्हें बिहार में भी हारने का डर है, तो फिर से आयोग को निशाना बना रहे हैं।”
राहुल गांधी के हालिया बिहार दौरे पर कटाक्ष करते हुए शाहनवाज ने कहा, “राहुल गांधी प्रदर्शन में शामिल होने बैग टांगकर पहुंचे थे, लेकिन तेजस्वी यादव ने अपने नेताओं को ही मंच से दूर कर दिया। न तो पप्पू यादव और न ही कन्हैया कुमार को ट्रक पर चढ़ने दिया गया। हारने वालों को मंच से तो नहीं उतारा जाना चाहिए।”
बिहार की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “राज्य में कानून का राज है और जनता को कोई परेशानी नहीं है। गोपाल खेमका हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ा गया है और एनकाउंटर भी हुआ है। नीतीश कुमार अपराध और अपराधियों से कोई समझौता नहीं करते। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और वे जेल जाएंगे।”