भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पदभार संभालने के बाद पहली बार मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत को लेकर बिहार बीजेपी ने भव्य तैयारियां की हैं। पटना एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान और भाजपा प्रदेश कार्यालय तक ऐतिहासिक स्वागत की योजना बनाई गई है।
अपने दौरे के दौरान नितिन नबीन न केवल अभिनंदन समारोह में हिस्सा लेंगे, बल्कि पार्टी के सांसदों, विधायकों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठकें भी करेंगे। पार्टी ने सभी प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों को पटना में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। पटना प्रवास के दौरान वे धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, साथ ही राज्य के शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों और पार्टी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार नितिन नबीन मंगलवार दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे रोड शो के माध्यम से बेली रोड स्थित राजवंशी नगर के हनुमान मंदिर पहुंचेंगे और वहां पूजा-अर्चना करेंगे।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद नितिन नबीन शहर के प्रमुख स्थलों पर जाकर महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे बेली रोड पर हाईकोर्ट के पास भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, इसके बाद आयकर गोलंबर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर नितिन नबीन मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेंगे, जहां उनके सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
शाम 4 बजे वे राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजकर 30 मिनट पर भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि नितिन नबीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम है और उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।