नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा: सहरसा को मिली 420 करोड़ की सौगात

सहरसा : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को सहरसा में अपनी प्रगति यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने सहरसा शहर को 420 करोड़ रुपये की सौगात दी और कहा कि सहरसा से छोटे विमान की सेवा शुरू होगी। इसके लिए केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा जाएगा।

उड़ान योजना और जलनिकासी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहरसा शहर के वर्तमान हवाई अड्डे पर छोटे विमानों के संचालन के लिए उड़ान योजना में शामिल करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके अलावा, तिलाबे नदी की उधाही करने की योजना है, जिससे नदी का जलस्तर सुधरेगा, भूजलस्तर बढ़ेगा और जलनिकासी की सहूलियत होगी।

स्ट्रांग ड्रेनेज सिस्टम और ओवरब्रिज का निर्माण
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सहरसा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रांग ड्रेनेज सिस्टम का विकास किया जाएगा, जिससे जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी। सहरसा शहर में बंगाली बाजार रेलवे ढ़ाला पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात की समस्या का समाधान होगा और लोगों का आवागमन सुलभ होगा।

खेल परिसर और प्रखंड भवन निर्माण की घोषणा
सहरसा जिले में प्रमंडल स्तरीय खेल परिसर का विकास किया जाएगा, जो खेलों को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही सहरसा जिले के बनमा ईटहरी और सत्तरकटैया प्रखंडों में प्रखंड सह अंचल भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।

जलजमाव से निजात के लिए वाटर चैनल की उधाही
सत्तरकटैया प्रखंड के ओकाही गांव से चैनपुर गांव होते हुए कोपरिया तक वाटर चैनल की उधाही की जाएगी, जिससे जलजमाव की समस्या का समाधान होगा।

रिमोट से उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय मेनहा परिसर से 210 करोड़ रुपये से अधिक की 52 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 94 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का उद्घाटन और 116 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल था।

विकास की दिशा में और तेजी से काम होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहरसा के सभी विकास कार्य पूरी तरह से संपन्न होंगे और इसके साथ-साथ बिहार में अन्य क्षेत्रों में भी विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment