पटना: डॉक्टर अजय कुमार सिंह गिरफ्तार, पीएमसीएच हॉस्टल से जले हुए नोट और नीट के एडमिट कार्ड मिले

पटना : पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (PMCH) के हॉस्टल में नीट के एडमिट कार्ड और जले हुए नोट मिलने के मामले में फरार चल रहे डॉक्टर अजय कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गुरुवार को पटना से हुई। डॉक्टर अजय सिंह पीएमसीएच के चाणक्य हॉस्टल में अवैध रूप से रह रहा था और पिछले कुछ दिनों से फरार था। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

आग में जले नोट और संदिग्ध दस्तावेज
7 जनवरी की रात पीएमसीएच के चाणक्य हॉस्टल में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग वाले कमरे में डॉक्टर अजय कुमार सिंह रह रहे थे। वहां से जले हुए नोट, नीट पीजी परीक्षा के एडमिट कार्ड, ओएमआर शीट्स और अन्य संदिग्ध कागजात बरामद हुए थे। इसके बाद पीरबहोर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई और जांच शुरू की गई।

फर्जीवाड़े का आरोप
पुलिस ने जले हुए नोट और एडमिट कार्ड जब्त किए और डॉक्टर अजय कुमार सिंह के फरार होने के बाद समस्तीपुर, वैशाली समेत अन्य जिलों में उसकी तलाश शुरू की। आरोपी डॉक्टर पर मेडिकल परीक्षाओं में फर्जीवाड़े करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि वह अवैध रूप से हॉस्टल में रह रहा था और इसके जरिए एक बड़ा गिरोह चल रहा था।

पुलिस की कार्रवाई जारी
अब पुलिस डॉक्टर अजय कुमार सिंह के गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार डॉक्टर से पूछताछ के बाद इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment