सारण (बिहार): बिहार के सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्रिढोढ़नाथ शिव मंदिर में सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर एक अनोखी घटना सामने आई, जिसने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को हैरानी में डाल दिया।
मंदिर में अचानक युवक ने युवती की मांग में भर दिया सिंदूर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच, जब लोग शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे थे, तभी एक युवक बाइक पर सवार होकर मंदिर पहुंचा और एक युवती की मांग में अचानक सिंदूर भर दिया। इसके तुरंत बाद वह युवती युवक के साथ बाइक पर बैठकर वहां से रवाना हो गई। यह सब होते देख लोग अचंभे में पड़ गए।
महिला की मध्यस्थता से हुआ विवाह
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस विवाह में एक महिला ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। उसने युवक को सिंदूर का पैकेट दिया और खुद को युवती की परिजन बताया। महिला ने ही युवक को सिंदूरदान के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद मंदिर परिसर में ही दोनों की शादी संपन्न हुई।
पहले से था प्रेम संबंध, परिवार की सहमति से हुई शादी
बताया जा रहा है कि युवक और युवती पहले से प्रेम संबंध में थे और परिवारों की सहमति से ही यह पूर्व नियोजित विवाह किया गया। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों किस जगह के रहने वाले हैं और फिलहाल कहां हैं।
वीडियो हुआ वायरल, बनी चर्चा का विषय
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों में इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। चूंकि किसी ने विवाह पर आपत्ति नहीं जताई, इसलिए माना जा रहा है कि यह पारिवारिक सहमति से किया गया विवाह था।
श्रिढोढ़नाथ मंदिर में सावन के मौके पर हजारों श्रद्धालु जल चढ़ाने आते हैं, लेकिन इस बार का नजारा कुछ अलग और अप्रत्याशित रहा।