पटना: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों और राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के बीच सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा इनपुट मिला है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन पाकिस्तानी आतंकवादी नेपाल के रास्ते बिहार में घुस आए हैं। इस संभावित खतरे को देखते हुए पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जिन आतंकियों की तलाश की जा रही है, उनके नाम हैं — हसनैन अली, आदिल हुसैन और मोहम्मद उस्मान। इन तीनों के फोटो भी सार्वजनिक किए गए हैं। हसनैन रावलपिंडी, आदिल उमरकोट और उस्मान बहावलपुर (पाकिस्तान) के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में नेपाल की राजधानी काठमांडू में दाखिल हुए थे और वहां से पिछले सप्ताह अररिया जिले के रास्ते भारत में प्रवेश कर चुके हैं। हालांकि अभी तक इस घुसपैठ की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस खतरे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क कर दिया है। थानों और जिला पुलिस को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते खतरे को टाला जा सके।