सीतामढ़ी: वोटर अधिकार यात्रा के 12वें दिन राहुल गांधी ने जानकी मंदिर में की पूजा, कई जिलों में करेंगे जनसंपर्क

Sitamarhi: On the 12th day of Voter Rights Yatra, Rahul Gandhi offered prayers at Janaki temple, will do public relations in many districts

सीतामढ़ी: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कथित वोट चोरी के खिलाफ आवाज़ उठाने और जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा के 12वें दिन की शुरुआत गुरुवार को सीतामढ़ी से हुई।

राहुल गांधी सबसे पहले जानकी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में माता सीता की पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व की जानकारी भी दी।

राहुल गांधी के साथ इस दौरान सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, और महागठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। सभी ने माता जानकी के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया।

आज की यात्रा के दौरान राहुल गांधी रीगा मिल चौक, मनियारी चौक, बैरगनिया, आज़ाद चौक, मोतिहारी रोड, चिरैया विधानसभा, छतौनी, और गांधी चौक होते हुए मोतिहारी पहुंचेंगे, जहां महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित संविधान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे बेतिया रवाना होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

महागठबंधन की यह यात्रा एकजुट विपक्ष की ताकत दिखाने का भी प्रयास है। यात्रा के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल होकर राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष की एकजुटता का संदेश दे चुके हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और अन्य सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी राहुल गांधी के साथ लगातार यात्रा में शामिल हैं।

गौरतलब है कि 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा 1,300 किलोमीटर लंबी है, जो लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी। इसका समापन 1 सितंबर को पटना में एक विशाल रैली के साथ होगा। विपक्ष इस यात्रा के माध्यम से मतदाता सूची में नाम काटने, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment