पटना: राजधानी पटना से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने चार साल के मासूम बच्चे पर हैवानियत भरा हमला कर दिया। आरोपी ने ब्लेड से बच्चे का गुप्तांग काट दिया। यह घटना पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के सोहगी गांव की है, जहां मासूम अपनी मां के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए ननिहाल आया हुआ था।
शक के चलते मासूम बना शिकार
जानकारी के अनुसार, आरोपी गुड्डू पासवान को शक था कि उसकी पत्नी के बच्चे के पिता से अवैध संबंध हैं। इसी शक में वह बदले की भावना से भर गया और उसने मासूम को निशाना बनाया। गुरुवार की शाम वह बच्चे को चॉकलेट देने के बहाने अपने घर ले गया और वहां ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
स्थानीय लोग पहुंचे मदद को, अस्पताल में भर्ती
बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आरोपी गिरफ्तार, अपराध स्वीकारा
बच्चे के परिजनों ने शनिवार को गौरीचक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गुड्डू पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद कर लिया है।
पत्नी की भूमिका संदिग्ध नहीं, जांच जारी
पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में आरोपी की पत्नी की संलिप्तता के कोई संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस इस जघन्य अपराध की हर पहलू से जांच कर रही है।