नई दिल्ली: एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में सीपी राधाकृष्णन के नाम का किया ऐलान

New Delhi: NDA announces the name of CP Radhakrishnan as its candidate for the post of Vice President

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में सीपी राधाकृष्णन के नाम की घोषणा कर दी है। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर कार्यरत हैं।

जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “एनडीए में शामिल सभी दलों के साथ चर्चा और सुझाव लेने के बाद सर्वसम्मति से सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुना गया है। वे तमिलनाडु के निवासी हैं और एक अनुभवी राजनेता हैं।”

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी राधाकृष्णन के नाम का समर्थन किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “उपराष्ट्रपति के एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को हमारा पूर्ण समर्थन है। हम सड़क से लेकर सदन तक एनडीए के साथ हैं।”

राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव:

  • 31 जुलाई 2024 को सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र के राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
  • इससे पहले वह झारखंड के राज्यपाल (2023-2024) और तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं।
  • पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी उन्हें सौंपा गया था।

राजनीतिक सफर:

  • सीपी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तिरुपुर, तमिलनाडु में हुआ।
  • उन्होंने 1974 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़कर सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की।
  • बाद में वे भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने।
  • 1996 में भाजपा तमिलनाडु के सचिव बने और 1998 व 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए।
  • 2004 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे और ताइवान की पहली संसदीय यात्रा में भी शामिल हुए।
  • 2004 से 2007 तक भाजपा तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष और 2020 से 2022 तक भाजपा केरल के प्रभारी भी रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment