पटना: तेजप्रताप यादव का बड़ा बयान – महुआ से निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव, राजद पर भी साधा निशाना

Patna: Tej Pratap Yadav's big statement - will contest election as an independent from Mahua, also targeted RJD

पटना में मंगलवार को तेजप्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि VVIP (विकास वंचित इंसान पार्टी) सहित कई अन्य दलों ने ‘टीम तेजप्रताप’ के साथ गठबंधन कर लिया है।

तेजप्रताप ने कहा कि आज कई पार्टियां उनके साथ जुड़ रही हैं और इस गठबंधन के जरिए नई राजनीतिक धारा तैयार की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि,

“अगर राजद को इस गठबंधन से जुड़ना है तो स्वागत है, लेकिन हम बीजेपी और जेडीयू से कभी हाथ नहीं मिलाएंगे, क्योंकि हम समाजवादी सोच के लोग हैं।”

मंगनी लाल मंडल के बयान पर भड़के तेजप्रताप
जब मीडिया ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि “तेजप्रताप का पार्टी में कोई अस्तित्व नहीं है”, तो तेजप्रताप गुस्से में आ गए।

उन्होंने कहा – “मंडल को कमंडल उठाकर अपना अस्तित्व बचाना चाहिए। उन्हें बनारस और वृंदावन चले जाना चाहिए, हम उन्हें अपने गुरुजी के आश्रम भेज देंगे।”

निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
तेजप्रताप ने प्रेस को बताया कि उन्होंने महुआ से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है।

“लोगों का अपार समर्थन मुझे मिल रहा है। अब हम राजनीति की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं,”
उन्होंने कहा। साथ ही यह भी जोड़ा कि उन्हें न तो पद का लालच है, न मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा।

तेजस्वी यादव को लेकर क्या बोले?
जब मीडिया ने पूछा कि अगर तेजस्वी यादव भी महुआ से चुनाव लड़ते हैं, तो वे क्या करेंगे, तेजप्रताप ने जवाब दिया –

“तेजस्वी महुआ से कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे। हम शुरू से उन्हें आशीर्वाद देते आए हैं। वे आगे बढ़ें, यही मेरी शुभकामनाएं हैं।”

वीआईपी पार्टी पर हमला
तेजप्रताप ने मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को ‘बहरूपिया पार्टी’ कहा। उन्होंने दावा किया कि असली निषाद समाज की पार्टी उनके साथ है। तेजप्रताप ने कहा कि वे यादव और मुसलमान समाज को एकजुट रखने का काम कर रहे हैं।

तेज टिप्पणी, तीखा संदेश
तेजप्रताप ने कहा –”हम जयचंदों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहते। हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी, और जो लोग हमारी प्रगति से परेशान हैं, उन्हें जवाब मिलेगा।”

प्रेस वार्ता में तेजप्रताप ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि वे अब अपने राजनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं और परंपरागत पार्टी ढांचे से हटकर नया विकल्प देने की दिशा में काम कर रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment