पहल्गाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद देश में कुछ नेता पाकिस्तान के समर्थन में बोलते नजर आए, या फिर भाजपा का विरोध करते-करते इस हद तक चले गए कि देशविरोधी रुख अपनाने से भी परहेज नहीं किया। इनमें से अधिकतर नेता कांग्रेस पार्टी से ताल्लुक रखते हैं, हालांकि कुछ अन्य दलों के नेता भी ऐसे बयानों में शामिल हैं।
इन बयानों को लेकर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अगर आप लोगों को पाकिस्तान से इतना ही प्यार है, तो वहीं जाकर रहिए। भारत में रहकर पाकिस्तान का समर्थन करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुछ नेताओं के बयान न केवल निंदनीय हैं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के खिलाफ हैं। पवन कल्याण ने यह बयान उस समय दिया जब वे पहल्गाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा, “आतंकवाद का अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक है। जो भी नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं, उन्हें भारत छोड़कर पाकिस्तान चले जाना चाहिए।”
इस मौके पर जनसेना पार्टी ने पहल्गाम हमले में मारे गए आंध्रप्रदेश के नागरिक मदुसूदन राव के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
गौरतलब है कि इस आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश व्याप्त है, और जनता सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रही है। माना जा रहा है कि केंद्र की मोदी सरकार इस मुद्दे पर जल्द कोई बड़ा कदम उठा सकती है।