नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि यह संबोधन हाल ही में पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ा होगा। यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम देने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला राष्ट्र संबोधन होगा।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी इस संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, उससे जुड़े रणनीतिक पहलुओं और आगे की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति व विदेश नीति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर सकते हैं। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ भारत की अगली रणनीति का भी खुलासा हो सकता है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए यह ऑपरेशन चलाया था। पाकिस्तानी सेना की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई का भी भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना की ओर से सोमवार को ही प्रेस ब्रीफिंग कर पाकिस्तानी मिराज फाइटर जेट और पीएल-15 मिसाइल के मलबे की तस्वीरें और वीडियो जारी किए गए।
एयर मार्शल ए.के. भारती ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तानी सेना ने आतंकवादियों के समर्थन में हस्तक्षेप किया, और इसी वजह से हमें जवाब देना पड़ा। हमारी लड़ाई पाकिस्तान की सेना से नहीं, बल्कि आतंकवाद और उसके ढांचे से है।”
प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन टीवी चैनलों, रेडियो और सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जाएगा। पूरे देश की नजर इस बात पर होगी कि पीएम मोदी इस महत्वपूर्ण वक्त में क्या संदेश देते हैं और आगे के लिए कैसी रणनीति सामने रखते हैं।