पटना: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनावी सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिले में सभी लाइसेंसी हथियारों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यह कार्य 16 मई से 29 मई 2025 तक चलेगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने थानावार दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए इस अभियान की रूपरेखा तैयार की है। सभी अनुज्ञप्तिधारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित तिथि पर संबंधित थाने में उपस्थित होकर शस्त्रों का सत्यापन कराएं।
अनदेखी पर होगी कार्रवाई
निर्धारित तिथि पर शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वालों के खिलाफ आयुध अधिनियम, 1959 और आयुध नियम, 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी लाइसेंस रद्द या निलंबित की जा सकती है।
थानावार सत्यापन कार्यक्रम
🔸 16-17 मई: फुलवारीशरीफ, गांधी मैदान, सचिवालय, कोतवाली, दीघा, कंकड़बाग सहित 24 थाना क्षेत्र
🔸 19-20 मई: पटना सिटी क्षेत्र के 15 थाना क्षेत्र
🔸 21-22 मई: दानापुर, खगौल, बिहटा सहित 8 थाना क्षेत्र
🔸 23-24 मई: पालीगंज, बिक्रम, रानीतालाब सहित 6 थाना क्षेत्र
🔸 26-27 मई: मसौढ़ी, धनरुआ, पुनपुन सहित 6 थाना क्षेत्र
🔸 28-29 मई: बाढ़, मोकामा, बख्तियारपुर सहित 13 थाना क्षेत्र
ईवीएम और वीवीपैट की जांच भी जारी
फुलवारीशरीफ स्थित वेयरहाउस में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) भी तेज़ी से जारी है। इस प्रक्रिया की नियमित निगरानी जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने सभी चुनावी तैयारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पटना जिला प्रशासन के इस कदम को विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।