नई दिल्ली: अगर आप भी ओटीटी पर फिल्में और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म ‘रेड 2’ अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है और आते ही धमाल मचा रही है। सिनेमाघरों में शानदार कमाई के बाद अब यह फिल्म ओटीटी पर भी नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है।
यह थ्रिलर फिल्म 1 मई 2025 को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और अपने बजट से दोगुनी कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। अब 26 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के बाद यह दर्शकों की पहली पसंद बन गई है। ‘रेड 2’ ने ‘12वीं फेल’, ‘मिशन मजनूं’ और ‘जवान’ जैसी हिट फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया है।
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर ईमानदार इनकम टैक्स ऑफिसर अमय पटनायक के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। इस बार उनका मुकाबला खतरनाक विलेन और कैबिनेट मंत्री मनोहर ढांकर उर्फ दादाभाई से होता है, जिसका किरदार रितेश देशमुख ने बखूबी निभाया है। कहानी अमय पटनायक के ट्रांसफर से शुरू होती है, जिसके बाद वह दादाभाई की संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू करता है। फिल्म में ईमानदारी और भ्रष्टाचार के बीच की जबरदस्त टक्कर दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।
राज कुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन और रितेश देशमुख के अलावा वाणी कपूर, अमित सियाल, सौरभ शुक्ला, सुप्रिया पाठक और रजत कपूर जैसे कलाकारों ने भी बेहतरीन अभिनय किया है। फिल्म की दमदार स्क्रिप्ट और शानदार परफॉर्मेंस इसे एक यादगार अनुभव बनाते हैं।
अगर आपने अभी तक ‘रेड 2’ नहीं देखी है, तो यह वीकेंड इसे देखने का बेहतरीन मौका है।