पटना में वाहन जांच के दौरान 18.05 लाख रुपये बरामद, आयकर विभाग को दी गई सूचना

Rs 18.05 lakh recovered during vehicle checking in Patna, Income Tax Department informed

पटना: राजधानी पटना में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी के निर्देश पर जिले में फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19-20 फरवरी 2026 की देर रात जेपी सेतु पर, दीघा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग की जा रही थी।

जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 18 लाख 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने चालक से इतनी बड़ी राशि के संबंध में पूछताछ की, लेकिन वह पैसे के स्रोत और उपयोग को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद पुलिस ने विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए पूरी राशि जब्त कर ली और मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी, ताकि धन के स्रोत और उसकी वैधता की विस्तृत जांच की जा सके।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) पटना-02, दिव्यांजली जायसवाल ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संदिग्ध मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, उसके संभावित उपयोग और किसी आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को अवैध धन के परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment