नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई को “फेल ऑपरेशन” करार देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से एक बार फिर इस्तीफे की मांग की है। यह बयान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के संदर्भ में आया है, जिसमें 26 पर्यटकों की जान गई थी।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि ऑपरेशन सिंदूर एक विफल अभियान था। लेकिन विपक्षी नेता होने के नाते हम इस पर अधिक बोलना नहीं चाहते। सवाल यह है कि ऐसी स्थिति ही क्यों बनी कि इस तरह का ऑपरेशन करना पड़ा? इसकी वजह पहलगाम में हुआ आतंकी हमला है, और इसके लिए सीधे तौर पर देश के गृहमंत्री जिम्मेदार हैं।”
राउत ने आगे कहा, “26 लोगों की मौत हुई और उस चूक का जिम्मा कोई ले ही नहीं रहा। अमित शाह को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद यह फैसला लेना चाहिए और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। जो व्यक्ति खुद जिम्मेदार है, वही आकर हमें उपदेश दे रहा है।”
संजय राउत ने अपने बयान में तीखा तंज करते हुए कहा, “यह ऑपरेशन सिंदूर नहीं था, बल्कि इसने कई महिलाओं का सिंदूर उजाड़ दिया। अब सवाल यह उठता है कि आतंकवादी कहां से आते हैं? क्या वे गुजरात या दाहोद में छिपे हैं? प्रधानमंत्री मोदी उसी इलाके में थे और वहीं से बड़ी-बड़ी बातें हो रही थीं। जब आप जिम्मेदार हैं, तो आपको ही जवाब देना होगा।”
उल्लेखनीय है कि 7 मई को भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। हालांकि, इस ऑपरेशन की सफलता और प्रभाव को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं।