सिलीगुड़ी/नई जलपाईगुड़ी : न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर मानव तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 56 युवतियां रेस्क्यू, दो तस्कर गिरफ्तार

Siliguri/New Jalpaiguri: Major attempt of human trafficking failed at New Jalpaiguri station, 56 girls rescued, two smugglers arrested

पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने पटना जा रही एक ट्रेन से 56 युवतियों को सुरक्षित बचाया है, जिन्हें नौकरी का झांसा देकर बिहार ले जाया जा रहा था। इस मामले में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना न्यू जलपाईगुड़ी-पटना कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। RPF जवानों को उस समय शक हुआ जब उन्होंने देखा कि बड़ी संख्या में युवतियां एक साथ यात्रा कर रही थीं और किसी के पास भी वैध टिकट नहीं था। सभी के हाथों पर केवल कोच और सीट नंबर की मुहर लगी हुई थी, जो पूरी स्थिति को और संदिग्ध बना रही थी।

पूछताछ में सामने आया कि युवतियों को एक बेंगलुरु स्थित कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। जब पुलिस ने यह पूछा कि अगर नौकरी बेंगलुरु में है तो उन्हें बिहार क्यों ले जाया जा रहा है, तो आरोपी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके और टालमटोल करने लगे। उनके पास न तो पहचान पत्र थे और न ही युवतियों को ले जाने के लिए कोई वैध दस्तावेज।

पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बचाई गई सभी युवतियों की उम्र 18 से 31 वर्ष के बीच है और वे जलपाईगुड़ी, कूचबिहार व अलीपुरद्वार जिलों की रहने वाली हैं। RPF और GRP अब इस मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से कर रही हैं ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि सभी युवतियों को सुरक्षित उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment