सिरसा/हिसार: हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। साथ ही हरियाणा और पंजाब से सुरक्षा एजेंसियों ने कुल 6 संदिग्ध जासूसों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इन सभी पर भारत की गोपनीय सैन्य जानकारी पाकिस्तान को भेजने का गंभीर आरोप है।
हिसार से पकड़ी गई यूट्यूबर ज्योति
ज्योति मल्होत्रा को हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से हिसार की रहने वाली है और सोशल मीडिया पर एक सक्रिय यूट्यूबर के रूप में जानी जाती है।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ज्योति ने बताया कि वर्ष 2023 में वीजा के लिए पाकिस्तान हाई कमीशन गई थी, जहां उसकी मुलाकात अहसान उर रहीम उर्फ दानिश से हुई। यहीं से उसके पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क से संपर्क शुरू हुए।
पाकिस्तान की दो यात्राएं, खुफिया अफसरों से मुलाकात
ज्योति ने स्वीकार किया कि वह दो बार पाकिस्तान गई और वहां दानिश के परिचित अली अहवान ने उसके ठहरने और घूमने का प्रबंध किया। अली ने ही उसकी मुलाकात पाकिस्तानी इंटेलिजेंस अधिकारियों से कराई। वहां राणा शहबाज और शाकिर जैसे एजेंट्स से भी संपर्क हुआ, जिसके बाद वह व्हाट्सएप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसे माध्यमों से भारत लौटकर भी पाकिस्तानी एजेंट्स को देश विरोधी सूचनाएं भेजती रही।
पकड़े गए अन्य आरोपी
- गजाला (32 वर्ष): दानिश के साथ वित्तीय लेन-देन और वीजा प्रक्रियाओं में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।
- यामीन मोहम्मद: हवाला के जरिए दानिश को आर्थिक मदद पहुंचाने में शामिल था।
- देविंदर सिंह ढिल्लो (कैथल): पाकिस्तान यात्रा के दौरान संपर्क में आया, जिसने पटियाला छावनी का वीडियो पाकिस्तानी एजेंट्स को भेजा।
- अरमान (नूंह): भारतीय सिम कार्ड्स मुहैया कराने और 2025 में पाकिस्तानी निर्देश पर डिफेंस एक्सपो की साइट का दौरा करने का आरोप।
एजेंसियों की सतर्कता से बड़ी साजिश नाकाम
इन सभी आरोपियों को हरियाणा के कैथल, हिसार, नूंह, पानीपत और पंजाब के मलेरकोटला से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल सभी से सघन पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क की जड़ें खंगाली जा रही हैं।
इस बड़ी कार्रवाई ने देश में सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से हो रही जासूसी गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता ने एक बड़े देशविरोधी नेटवर्क को बेनकाब कर दिया है।