देहरादून: उत्तराखंड में जल्द ही वाहनों की नंबर प्लेट पर अंग्रेजी के बजाय हिंदी में पंजीयन कोड दिखाई देने लगेंगे। उत्तर प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों की तर्ज पर राज्य सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे हिंदी भाषा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
‘यू के’ की जगह होगा ‘उ ख’
अब तक उत्तराखंड में वाहनों की नंबर प्लेट पर ‘UK’ (Uttarakhand) पंजीयन कोड के रूप में अंकित होता था। लेकिन अब इसके हिंदी रूप ‘उ ख’ को भी अंकित किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दी मंजूरी
भाषा एवं परिवहन विभाग के प्रभारी कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने इस प्रस्ताव को अनुमोदन दे दिया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला उत्तराखंड राजभाषा अधिनियम 2009 के तहत लिया गया है, जिसके अनुसार राज्य के शासकीय कार्यों में हिंदी भाषा के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाती है।
हिंदी को मिलेगी बढ़ावा
सुबोध उनियाल ने कहा, “यह निर्णय हिंदी को राजकीय कार्यों में सशक्त करने की दिशा में एक और कदम है। इससे स्थानीय भाषा और संस्कृति को भी पहचान मिलेगी।”
अन्य राज्यों में पहले से लागू
यह व्यवस्था पहले से ही उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में लागू है, जहां वाहनों पर हिंदी में पंजीयन कोड अंकित किए जा रहे हैं। अब उत्तराखंड भी इस पंक्ति में शामिल हो गया है।
परिवहन विभाग में होंगे बदलाव
अब राज्य के परिवहन विभाग द्वारा संभागीय और उप-संभागीय कार्यालयों में पंजीयन कोड हिंदी में भी जारी किए जाएंगे। इससे नई नंबर प्लेट पर अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी में भी पहचान अंकित होगी।
यह पहल भाषाई गर्व और प्रशासनिक पहचान दोनों को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।