छत्तीसगढ़ के स्टील प्लांट हादसे में बिहार के छह मजदूरों की मौत, गांव में पसरा मातम

Six laborers from Bihar died in a steel plant accident in Chhattisgarh; the village is gripped by grief.

देश के विभिन्न हिस्सों में काम के दौरान होने वाले औद्योगिक हादसों में बिहार के मजदूरों की मौत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गुरुवार को एक बार फिर ऐसा ही दर्दनाक हादसा छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में हुआ, जहां एक स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में बिहार के छह मजदूरों की जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार स्थित स्टील प्लांट के कोयला भट्ठे में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के गोटीबांध गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान श्रवण कुमार (22), राजदेव कुमार (22), जितेंद्र (37), बदरी भुइयां (42), विनय भुइयां (40) और सुंदर भुइयां (40) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गया जिले में उनके परिजनों के घरों में कोहराम मच गया।

हादसे में गया जिले के ही कल्पू भुइयां (44) और रामू भुइयां (34) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इसके अलावा झारखंड के तीन मजदूर—शबीर अंसारी (34), मुमताज अंसारी (26) और शराफत अंसारी (32)—भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शी जोगेंद्र राम ने बताया कि सभी मजदूर प्लांट में हेल्पर के रूप में कार्यरत थे। सुबह करीब 10 बजे भट्ठे से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद अधिकारियों ने मजदूरों को वहां से हटने को कहा, लेकिन इससे पहले ही जोरदार विस्फोट हो गया।

बलौदाबाजार की एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें से छह की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि घायलों और मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है तथा हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment