महिलाओं के प्रति सपा-कांग्रेस का रवैया असंवेदनशील : भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला

SP-Congress' attitude towards women is insensitive: BJP spokesperson Shahzad Poonawala

जयपुर: भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील और अपमानजनक रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि सुमन ने एक दलित बच्ची के साथ हुए बलात्कार को ‘मामूली घटना’ बताया और यह कहा कि इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मौके पर जाने की कोई जरूरत नहीं है।

पूनावाला ने इस बयान को सपा की बलात्कारियों को संरक्षण देने वाली मानसिकता का प्रमाण बताया और कहा कि यह उनकी पूरी तरह से संवेदनहीन सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सपा की सोच ‘बॉयज विल बी बॉयज’ जैसी है, जहां बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों को भी हल्के में लिया जाता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब सपा नेता नवाब यादव पर बलात्कार का आरोप लगता है तो डीएनए जांच की मांग की जाती है, लेकिन जब आरोपी उनके वोटबैंक से होता है, तो पार्टी चुप्पी साध लेती है। पूनावाला ने रामजी लाल सुमन पर महावीर राणा सांगा जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व का अपमान करने का भी आरोप लगाया और कहा कि यह सपा की संकीर्ण सोच का उदाहरण है।

पूनावाला ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसका नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ केवल दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अपनी सहयोगी पार्टी सपा के ऐसे रवैये पर चुप्पी साध लेती है। उन्होंने कर्नाटक के कांग्रेस गृहमंत्री द्वारा यौन उत्पीड़न को सामान्य घटना बताने वाले बयान और कांग्रेस नेता शांति धारीवाल के महिलाओं के खिलाफ की गई टिप्पणी का भी हवाला दिया।

अंत में पूनावाला ने कहा कि सपा और कांग्रेस का यह रवैया केवल उनके वोटबैंक की राजनीति को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि ये दोनों पार्टियां समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करती हैं, क्योंकि यह उनके राजनीतिक हितों के खिलाफ है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment