पीएम मोदी का सऊदी अरब में भव्य स्वागत: रॉयल एस्कॉर्ट, 21 तोपों की सलामी और देशभक्ति गीत से गूंजा जेद्दा

PM Modi gets grand welcome in Saudi Arabia: Jeddah reverberates with royal escort, 21 gun salute and patriotic song

जेद्दा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय सऊदी अरब यात्रा के लिए रवाना हुए। जैसे ही उनका विमान सऊदी एयरस्पेस में दाखिल हुआ, एक खास नजारा देखने को मिला। रॉयल सऊदी वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया, जो भारत-सऊदी मित्रता का प्रतीक बन गया।

विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा, “दोस्ती की ऊंची उड़ान! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजकीय यात्रा के सम्मान में, रॉयल सऊदी वायु सेना ने उनके विमान को सऊदी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही एस्कॉर्ट किया।”

यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा, “मैं क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर जा रहा हूं। भारत सऊदी अरब के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है।” उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने हाल के वर्षों में रणनीतिक, रक्षा, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी बनाई है।

जेद्दा में भव्य स्वागत और देशभक्ति का जज्बा
पीएम मोदी का जेद्दा हवाई अड्डे पर जबरदस्त स्वागत हुआ। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। स्वागत समारोह के दौरान एक सऊदी नागरिक ने बॉलीवुड फिल्म ‘राज़ी’ का देशभक्ति गीत ‘ए वतन, मेरे वतन आबाद रहे तू’ गाकर माहौल को भावुक कर दिया।

विदेश मंत्रालय ने इस भव्य स्वागत पर लिखा, “ऐतिहासिक शहर जेद्दा में 21 तोपों की सलामी और औपचारिक स्वागत। मक्का के उप-राज्यपाल प्रिंस सऊद बिन मिशाल, वाणिज्य मंत्री माजिद अल कसाबी और जेद्दा के मेयर सालेह अली अल-तुर्की ने गर्मजोशी से स्वागत किया।”

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दस सालों में यह उनकी तीसरी सऊदी यात्रा है और जेद्दा की पहली यात्रा। वह यहां रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक में भाग लेंगे। इसके अलावा वह सऊदी में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे, जिसे उन्होंने दोनों देशों के बीच सेतु बताया।

गौरतलब है कि पीएम मोदी को 2016 में सऊदी अरब का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भी दिया जा चुका है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment