बिहार में राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, दो बोगियों के कांच टूटे

Stones pelted on Rajdhani Express in Bihar, glass of two bogies broken

बिहार में डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12423 राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। यह घटना भागलपुर जिले के नवगछिया और सेमापुर रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जब असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए। इस हमले में दो बोगियों के कांच टूट गए हैं। यह घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। पथराव होते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई और पूरे ट्रेन में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने पर नवगछिया आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है। नवगछिया आरपीएफ के उप निरीक्षक जयशंकर प्रसाद यादव, सुधाकर यादव और अन्य पुलिस अधिकारियों ने ट्रेन के नवगछिया पहुंचने पर जांच की शुरुआत की। जांच के दौरान पता चला कि कटिहार से राजधानी एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद सेमापुर और काढ़ागोला स्टेशन के बीच पत्थरबाजी हुई थी।

घटनास्थल पर जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी
उप निरीक्षक जयशंकर प्रसाद यादव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद क्षतिग्रस्त शीशे वाली बोगी की जांच की गई है। इस पथराव में बी-5 और बी-12 बोगियों के कांच को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई है, और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया जाएगा। जांच प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दी जाएगी।

इस घटना के बाद यह साफ हो गया है कि पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment