बिहार के सासाराम जिले में चेनारी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान इंदु कुमारी के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह तिलकधारी खरवार की पुत्री बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने रोज की तरह सुबह नाश्ता किया था। इसके कुछ ही देर बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। छात्रावास की वार्डन उसे तत्काल शिवसागर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचीं, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल पहुंचने तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। छात्रा की मौत के बाद विद्यालय और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामले को लेकर शिक्षा विभाग के डीपीओ रोहित रोशन ने बताया कि छात्रा के बीमार होने की सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल में रखा गया है।