पटना/नरकटियागंज: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। नरकटियागंज प्रखंड में 43 नेपाली नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल पाए गए हैं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इन सभी को नोटिस भेजकर भारतीय नागरिकता से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार इन लोगों ने फॉर्म-7 भरकर आवेदन किया था, जिसके आधार पर मतदाता सूची में उनके नाम शामिल किए गए। अब ‘एनेक्सर डी’ के तहत इनसे नागरिकता संबंधी प्रमाण मांगे जा रहे हैं। अगर निर्धारित समयसीमा में ये दस्तावेज जमा नहीं किए गए, तो इनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।
नरकटियागंज के साथ-साथ सिकटा विधानसभा क्षेत्र में भी ऐसे मामलों की पुष्टि हुई है। नरकटियागंज के बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि इन 43 लोगों ने आधार कार्ड के आधार पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कोशिश की है। हालांकि इनमें से कुछ लोगों ने नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज भी दिए हैं, जिनकी जांच जारी है।
प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और तय प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।