भारत में डायबिटीज के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, और इसके पीछे मुख्य कारण खराब जीवनशैली और गलत खानपान को माना जाता है। डायबिटीज एक लाइलाज बीमारी है, जिसमें पीड़ित व्यक्ति का ब्लड शुगर लेवल लगातार बढ़ता और घटता रहता है, जो कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। डॉक्टर हमेशा मधुमेह के रोगियों को सलाह देते हैं कि उन्हें खाने से पहले और बाद में अपने ब्लड शुगर लेवल की नियमित जांच करनी चाहिए। हालांकि, कई लोग यह नहीं जानते कि डायबिटीज के मरीज को कब ब्लड शुगर चेक करना चाहिए। तो आइए, हम आपको बताते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
खाने से पहले ब्लड शुगर लेवल
कुछ लोग बिना कुछ खाए शुगर की जांच करते हैं, जिसे फास्टिंग ब्लड शुगर कहा जाता है। अगर एक स्वस्थ व्यक्ति ने पिछले 8 घंटे से कुछ नहीं खाया है, तो उसका ब्लड शुगर लेवल 70-99 mg/dl के बीच होना चाहिए। अगर आपने कुछ नहीं खाया और आपका ब्लड शुगर लेवल 130 mg/dl या उससे ज्यादा है, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। ऐसे में खाना खाने से पहले अपना ब्लड शुगर लेवल जांच लें।
खाने के बाद ब्लड शुगर लेवल
अक्सर लोग केवल खाने से पहले ही ब्लड शुगर की जांच करते हैं, लेकिन यह जरूरी है कि आप खाने के बाद भी ब्लड शुगर चेक करें। खाने के 2 घंटे बाद ब्लड शुगर की जांच करें। खाने के 2 घंटे बाद स्वस्थ व्यक्ति का ब्लड शुगर लेवल 130-140 mg/dl के बीच होता है, जबकि डायबिटीज के मरीज का ब्लड शुगर लेवल 180 mg/dl तक पहुंच सकता है। अगर शुगर लेवल इससे भी अधिक हो, तो यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकता है।
ब्लड शुगर लेवल की जांच कैसे करें?
ब्लड शुगर लेवल की जांच करने के लिए ब्लड शुगर टेस्ट मशीन का उपयोग किया जाता है, जिसे आप मेडिकल स्टोर या ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसके अलावा, आप लैब में भी अपनी शुगर की जांच करा सकते हैं। हालांकि, हर दिन लैब जाना संभव नहीं होगा, इसलिए यदि आप एक टेस्ट मशीन खरीद लेंगे तो आपके लिए यह काफी सुविधाजनक होगा।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। इसे केवल सुझाव के तौर पर लें और इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।