नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मौद्रिक नीति समिति की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की है। इस निर्णय के बाद रेपो रेट घटकर 5.25 प्रतिशत हो गया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने घोषणा की कि यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इस कदम के बाद होम लोन की ईएमआई में कमी आने और बैंकों द्वारा सस्ते लोन उपलब्ध कराए जाने की संभावना बढ़ गई है।
गवर्नर मल्होत्रा ने बताया कि पिछला महीना आर्थिक मोर्चे पर चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन आने वाले महीनों में जीडीपी ग्रोथ और महंगाई दोनों ही मामलों में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि महंगाई लक्ष्य 2 प्रतिशत रखा गया है। दूसरी तिमाही में वास्तविक जीडीपी ग्रोथ 8.2 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि वर्ष की पहली छमाही में लगभग 8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का अनुमान है।
आरबीआई ने वर्ष 2025 में अब तक चार बार रेपो रेट में कटौती की है—फरवरी में 25 बेसिस प्वाइंट, अप्रैल में 25 बेसिस प्वाइंट, जून में 50 बेसिस प्वाइंट और अब फिर 25 बेसिस प्वाइंट। कुल मिलाकर इस साल 125 बेसिस प्वाइंट (1.25 प्रतिशत) की कमी की जा चुकी है। इससे पहले रेपो रेट दो बार स्थिर रहा था, लेकिन अब यह 6.50 प्रतिशत से घटकर 5.25 प्रतिशत पर आ गया है।
रेपो रेट कटौती का सकारात्मक असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। सेंसेक्स 200 अंक से अधिक बढ़कर 85,500 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी 75 अंक चढ़कर 26,110 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी बैंक में भी 364 अंकों की मजबूत तेजी दर्ज हुई।