मुजफ्फरपुर में SSC GD परीक्षा स्थगित होने पर बवाल, छात्रों ने लगाया धांधली का आरोप

Uproar in Muzaffarpur over SSC GD Exam Postponement; Students Allege Rigging

मुजफ्फरपुर में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की जीडी परीक्षा के दौरान उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा अचानक स्थगित कर दी गई। परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

शहर के बीबी कॉलेज कैंपस स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इकट्ठा होकर प्रशासन और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। परीक्षा रद्द होने की पूर्व सूचना नहीं मिलने और अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

दूर-दराज से पहुंचे छात्रों का कहना था कि वे महीनों की मेहनत और भीषण गर्मी के बीच परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन अंतिम समय में परीक्षा स्थगित होने की जानकारी देकर उन्हें परेशान किया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्ट सूचना के परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में अंदरखाने धांधली की जा रही है और कुछ कर्मचारियों व अधिकारियों की मिलीभगत से चुनिंदा छात्रों को अवैध मदद पहुंचाई जाती है। उन्होंने पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

स्थिति बिगड़ने पर परीक्षा केंद्र प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हैरानी की बात यह रही कि परीक्षा स्थगित होने को लेकर अब तक आयोग या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक लिखित सूचना जारी नहीं की गई है। इससे अभ्यर्थियों में भ्रम और नाराजगी बनी हुई है। छात्रों ने मांग की है कि रद्द हुई दोनों पालियों की नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाए, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment