लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (4 फरवरी) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ लोग (सनातन-विरोधी तत्व) महाकुंभ में भगदड़ मचने पर एक बड़ी आपदा की कामना कर रहे थे।
29 जनवरी को हिंदू कैलेंडर के सबसे शुभ दिनों में से एक मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज के संगम क्षेत्र में एक भगदड़ हुई थी, जिसमें कम से कम 30 लोगों की जान चली गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह हादसा भोर से पहले हुआ था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह टिप्पणी महाकुंभ में भगदड़ के संबंध में मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव द्वारा किए गए बयानों के बाद आई है। प्रयागराज में पत्रकारों से बात करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा, “जब पूरा देश और दुनिया इस भव्य सनातन धर्म के आयोजन को गर्व के साथ देख रही है, वहीं कुछ लोग इसके खिलाफ साजिश रच रहे हैं, झूठ फैला रहे हैं और धोखे के नए मानक स्थापित कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा संसद में दिए गए बयान इस भयावह एजेंडे को उजागर करते हैं।” आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने महाकुंभ मेले को बदनाम करने की कोशिश की थी और उनके बयान उनके सनातन विरोधी रुख को स्पष्ट करते हैं। उन्होंने कहा, “वे पहले दिन से ही महाकुंभ के खिलाफ गलत सूचना फैला रहे हैं।”
संसद में खड़गे द्वारा ‘प्रयागराज कुंभ में मौनी अमावस्या के दिन हजारों लोगों की मौत’ के दावे की आलोचना करते हुए, योगी आदित्यनाथ ने कहा, “देश की सबसे पुरानी पार्टी के प्रमुख से ऐसे वरिष्ठ नेता से जिम्मेदार बयान की उम्मीद की जाती है। इसके बजाय, उन्होंने सरासर झूठ का सहारा लिया और संसद में गुमराह करने वाली टिप्पणियां की।”