छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सिल्लेवानी घाटी के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मक्के से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200-250 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए, लेकिन इसमें सवार ड्राइवर की जान चमत्कारिक रूप से बच गई। हालांकि, वह घायल अवस्था में मलबे में फंसकर करीब 24 घंटे तक मौत के मुंह में रहा।
हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ था। ट्रक मालिक रवि बघेल को जब गाड़ी का कोई अता-पता नहीं चला तो उन्होंने जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए लोकेशन चेक की। लोकेशन घाटी में स्थिर दिखी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मोहखेड़ थाना क्षेत्र की उमरानाला चौकी पुलिस सोमवार को मौके पर पहुंची।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तीन बड़ी क्रेनों का इस्तेमाल कर कठिन ऑपरेशन चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया और ट्रक को भी खाई से ऊपर खींचा गया। ड्राइवर के पैर में गंभीर चोटें आई थीं। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई और छुट्टी दे दी गई।
चौकी प्रभारी पारस आर्मो ने बताया कि एक ही मालिक के दो ट्रक चांद क्षेत्र से मक्का लादकर बोरगांव जा रहे थे। आगे वाला ट्रक सुरक्षित घाटी पार कर गया, लेकिन पीछे वाला ट्रक संतुलन बिगड़ने से खाई में गिर गया। घाटी में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने और कम आवाजाही के कारण ड्राइवर की मदद समय पर नहीं पहुंच सकी। ट्रक मालिक की सतर्कता और जीपीएस तकनीक ने ड्राइवर की जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है